चंपावत के टनकपुर में खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। कार्यक्रम में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। इस व्यवस्था के तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ उनके भविष्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष खिलाड़ियों को करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार खेल महाकुंभ में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों की न्याय पंचायतों में खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
वहीं, टनकपुर कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने खटीमा गोलीकांड की बरसी पर शहीद स्मारक पहुंचकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पीलीभीत रोड स्थित नवनिर्मित सिटी पार्क यानी ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से तैयार इस पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, चिल्ड्रन पार्क और ध्यान केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
खटीमा को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में स्टेडियम और सर्किट हाउस के निर्माण की घोषणा की। साथ ही सिटी पार्क के विस्तारीकरण की भी बात कही। मुख्यमंत्री ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई। खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ नई विकास परियोजनाओं की घोषणाओं से क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
