उत्तराखंड में सरकारी डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। उत्तराखंड पुलिस की ऑनलाइन एफआईआर सेवा पिछले करीब 15 दिनों से ठप पड़ी है। बताया जा रहा है कि साइबर हमले के कारण सीसीटीएनएस सर्वर प्रभावित हुआ है, जिसके चलते ऑनलाइन दर्ज एफआईआर देखने जैसी सेवाएं बाधित हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की वेबसाइट और एप के जरिए नागरिकों को ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करने और पुरानी एफआईआर देखने की सुविधा मिलती है। लेकिन फिलहाल एफआईआर सर्च करने वाला लिंक खोलने पर सर्वर एरर सामने आ रहा है। वैकल्पिक लिंक उपलब्ध कराया गया है, लेकिन वहां भी एफआईआर देखने की सुविधा तकनीकी दिक्कतों के चलते बंद बताई जा रही है।
इसी बीच राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के डिजिटल डेटा में भी सेंध लगने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि 21 अगस्त की रात करीब 10 बजकर 30 मिनट पर स्वास्थ्य प्राधिकरण के डेटा में सेंध लगी। हालांकि इस साइबर घटना के पीछे कौन है और कितना डेटा प्रभावित हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
एक ही समय में सरकारी पुलिस और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े डिजिटल सिस्टम में सामने आई इन घटनाओं ने साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि उत्तराखंड के सीसीटीएनएस सिस्टम पर वर्ष 2023 में भी साइबर हमला हो चुका है।
फिलहाल संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस की ऑनलाइन एफआईआर सेवा कब तक पूरी तरह बहाल होगी, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। नागरिकों के लिए ऑनलाइन एफआईआर जैसी महत्वपूर्ण सुविधा लंबे समय से बाधित होने के चलते मामले को लेकर चिंता बढ़ गई है।

