उत्तराखंड के खेल जगत के लिए बड़ी खुशखबरी है। युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और स्टार धावक अंकिता ध्यानी को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों को 29 अगस्त यानी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
खेल विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन के जरिए उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
इसके अलावा कई अन्य खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी राज्य के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार दिए जाएंगे। वर्ष 2025-26 के लिए मॉडर्न पेंटाथलॉन खिलाड़ी ममता खाती, काशीपुर के सक्षम प्रताप सिंह, रुड़की के पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और पिथौरागढ़ की बॉक्सर खुशी चंद्र को हिमालय रत्न खेल पुरस्कार दिया जाएगा।
वहीं रोइंग कोच मुकेश शर्मा को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। हल्द्वानी के बॉक्सिंग कोच मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा।
वर्ष 2024-25 के लिए धावक अंकिता ध्यानी और एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलेगा।
खेल विभाग के मुताबिक वर्ष 2024 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए कोई आवेदन नहीं मिला। वहीं देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार के लिए तीन और द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए थे। राष्ट्रीय खेल दिवस पर होने वाला यह सम्मान समारोह उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं के लिए खास होगा। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मान मिलने से प्रदेश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

