उत्तराखंड में महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। देहरादून सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत लगाए गए स्टॉलों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला समूहों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर की पहचान हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
सीएम ने कहा कि स्थानीय उत्पाद खरीदने से महिला समूहों की आय बढ़ती है और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि त्योहारों में उपहार और दैनिक जरूरतों की खरीदारी करते समय स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सरकार का उद्देश्य महिला समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।

