हल्द्वानी के बनभूलपुरा स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कक्षा 10वीं और 11वीं की कुछ छात्राओं को चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत हुई। इसी दौरान एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने से परीक्षा दे रहीं अन्य छात्राएं भी घबरा गईं।
देखते ही देखते कॉलेज परिसर में भूत-प्रेत की अफवाह फैल गई। डर के कारण कई छात्राएं रोने लगीं और परीक्षा कक्ष में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को शांत कराया और स्थिति को संभाला।
स्कूल प्रशासन के मुताबिक, छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई थी, लेकिन भूत-प्रेत की बात महज अफवाह थी। हालात सामान्य करने के बाद एहतियात के तौर पर कॉलेज में छुट्टी कर दी गई।
स्कूल प्रवक्ता नीलम ने भी भूत-प्रेत की किसी घटना से इनकार किया है। उनका कहना है कि छात्राओं के बीच अफवाह फैलने से डर का माहौल बना था, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल इस घटना के बाद कॉलेज में छात्राओं और अभिभावकों के बीच चर्चा का माहौल है। स्कूल प्रशासन ने भी अफवाहों पर भरोसा न करने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल शिक्षकों या प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

