देहरादून-मसूरी मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। मसूरी के पानीवाला बैंड क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रशासन ने अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क की सुरक्षा को देखते हुए उप जिला मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद ने यह आदेश जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
दरअसल, पानीवाला बैंड के पास सड़क की सुरक्षा को लेकर लोक निर्माण विभाग की ओर से निरीक्षण किया गया था। विभाग के अधिशासी अभियंता की रिपोर्ट में बताया गया कि अत्यधिक बारिश के कारण सड़क किनारे पहले से बनी सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। दीवार के क्षतिग्रस्त होने से मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को जोखिम भरा माना गया है।
लोक निर्माण विभाग ने आशंका जताई है कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया।
आदेश के तहत संबंधित विभागों और पुलिस को प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त सड़क और सुरक्षा दीवार की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मार्ग को जल्द सुरक्षित बनाया जा सके।
वहीं, मसूरी कोतवाली और राजपुर थाना पुलिस को पानीवाला बैंड क्षेत्र में 24 घंटे आवश्यक पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि प्रतिबंधित भारी वाहन इस मार्ग से आवाजाही न करें।
प्रशासन के इस फैसले से देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही फिलहाल प्रभावित रहेगी। सड़क की मरम्मत पूरी होने और मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही प्रतिबंध हटाने पर निर्णय लिया जाएगा। बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है।

