देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। देहरादून-हरिद्वार रोड पर मणिमाई मंदिर के पास हुए इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, हादसा डोईवाला टोल प्लाजा के पास हुआ। एक ईको वाहन देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रहा था। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। इसी दौरान आगे चल रहे एक लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया। टायर निकलने के बाद लोडिंग वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर खड़े होने जैसी स्थिति में आ गया।
इसी दौरान पीछे से आ रही ईको गाड़ी लोडिंग वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा उनका विशेष उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की, ताकि यातायात को सुचारु किया जा सके।
हर्रावाला चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि लोडिंग वाहन का टायर निकलने के बाद वह अनियंत्रित हुआ और इसी वजह से पीछे चल रही ईको गाड़ी उसकी चपेट में आ गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
डोईवाला क्षेत्र में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है, जबकि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

