रुद्रप्रयाग के प्रसिद्ध तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में एक पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। तुंगनाथ स्थित एक होटल में ठहरे चमोली निवासी 45 वर्षीय दिनेश सिंह अचानक बेहोश हो गए। उनकी हालत बिगड़ने की सूचना होटल स्वामी ने तत्काल प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही डीडीआरएफ की टीम बिना देर किए तुंगनाथ पहुंची। रेस्क्यू टीम को दिनेश सिंह होटल में बेहोशी की हालत में मिले। जवानों ने मौके पर ही उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और ऑक्सीजन उपलब्ध कराई। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें सुरक्षित नीचे लाने का फैसला लिया गया।
तुंगनाथ का इलाका ऊंचाई पर होने के कारण बीमार व्यक्ति को नीचे लाना आसान नहीं था। रेस्क्यू टीम ने स्ट्रेचर की मदद ली और स्थानीय लोगों के सहयोग से दिनेश सिंह को कंधों पर उठाकर तुंगनाथ से चोपता तक पहुंचाया।
चोपता पहुंचने के बाद स्थानीय वाहन की मदद से उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ भेजा गया। समय पर रेस्क्यू टीम के पहुंचने और स्थानीय लोगों के सहयोग से बीमार पर्यटक को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जा सका। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और पर्यटक को सुरक्षित नीचे पहुंचाया।
तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में मौसम और ऊंचाई को देखते हुए पर्यटकों के लिए स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। अचानक तबीयत खराब होने की स्थिति में तत्काल प्रशासन या रेस्क्यू टीम को सूचना देना महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

