भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई सूची जारी की है, जिसमें उत्तराखंड को भी अहम प्रतिनिधित्व मिला है।
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गढ़वाल सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। दोनों नेताओं को मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को उत्तराखंड के लिहाज से बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड से अन्य नेताओं को भी जिम्मेदारियां मिली हैं। आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया गया है।
तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर उनकी जिम्मेदारी पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और राष्ट्रीय स्तर की रणनीति में और बढ़ जाएगी।
वहीं अनिल बलूनी वर्तमान में गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद हैं। पार्टी संगठन और मीडिया के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है। राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी के मीडिया प्रबंधन और संचार रणनीति में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
भाजपा की नई टीम में अनुभव के साथ नए चेहरों को भी जगह दी गई है। पार्टी ने अलग-अलग राज्यों और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए संगठन में जिम्मेदारियों का बंटवारा किया है। उत्तराखंड से चार नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश भाजपा में भी उत्साह है। खास तौर पर तीरथ सिंह रावत और अनिल बलूनी को मिली जिम्मेदारियां प्रदेश की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड की भूमिका को मजबूत करती दिखाई दे रही हैं।

