देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में घूमने आई हरियाणा की 28 वर्षीय महिला की नदी में बहने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला नदी के बीच सेल्फी लेने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आ गई।
घटना शनिवार को सहस्त्रधारा क्षेत्र में हुई। नदी किनारे महिला के फोटो खींचने और अचानक पानी में गिरने की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर नदी में महिला की तलाश शुरू की।
काफी प्रयास के बाद महिला सहस्त्रधारा के पास नदी में मिली। रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर निकाला और तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी 28 वर्षीय नेहा आर्य के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी महिला के परिजनों को दे दी है। पंचायतनामा भरने के बाद शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सहस्त्रधारा समेत देहरादून के कई पर्यटन स्थलों पर बारिश के मौसम में नदी और जलस्रोतों का बहाव काफी तेज हो जाता है। ऐसे में नदी के बीच जाने या किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इस हादसे ने एक बार फिर पर्यटकों को नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की जरूरत को सामने ला दिया है।
प्रशासन और पुलिस की ओर से भी लोगों से अपील की जाती है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और सेल्फी या फोटो के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।

