कांवड़ यात्रा को देखते हुए ऋषिकेश तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी स्कूलों में 10 और 11 अगस्त को दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में एसडीएम कार्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
प्रशासन के मुताबिक नगर निगम ऋषिकेश के साथ गुमानीवाला श्यामपुर-खैरीखुर्द और रायवाला क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर आने वाले स्कूल इस आदेश के दायरे में होंगे। इनमें शासकीय अशासकीय सहायता प्राप्त और अशासकीय मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं।
आदेश के अनुसार इन स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की शिक्षण गतिविधियां 10 और 11 अगस्त को पूरी तरह बंद रहेंगी। प्रशासन ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को आदेश का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
यह फैसला कांवड़ मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान ऋषिकेश और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़कों पर बढ़ते यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है।
प्रशासन का मानना है कि दो दिन स्कूल बंद रहने से विद्यार्थियों को यात्रा मार्ग पर होने वाली भीड़ और यातायात संबंधी परेशानियों से दूर रखा जा सकेगा। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इस दौरान संबंधित स्कूल प्रबंधन को प्रशासन के आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं अभिभावकों से भी अपील की गई है कि अवकाश के दौरान बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

