उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देहरादून जिले में 10 जुलाई को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान देहरादून में अत्यधिक बारिश, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के आदेश के बाद जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है, ताकि खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने लोगों से भी अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहने की अपील की है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए देहरादून पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रही हैं। नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से चेतावनी दी जा रही है और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी कारण यात्रा न करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटे बेहद संवेदनशील हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। नागरिकों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

