मुकेश अंबानी
देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर उत्तराखंड पहुंचे। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर उन्होंने सबसे पहले बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।
सोमवार सुबह बदरीनाथ धाम पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को 10 करोड़ रुपये की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की। मंदिर समिति के अधिकारियों के अनुसार यह राशि तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और मंदिर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में उपयोग की जाएगी।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह राणा ने बताया कि मुकेश अंबानी सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। उनके साथ परिवार के कुछ सदस्य और करीबी सहयोगी भी मौजूद रहे। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मंदिर समिति के अधिकारियों से मुलाकात की और फिर केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गए।
केदारनाथ धाम पहुंचकर भी मुकेश अंबानी ने बाबा केदार के दर्शन किए और देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। गौरतलब है कि मुकेश अंबानी की बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में गहरी आस्था रही है। वह लगभग हर वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान दोनों धामों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं और मंदिर समिति को आर्थिक सहयोग भी प्रदान करते हैं।
धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से उनके इस योगदान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं चारधाम यात्रा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार 13 जून तक केदारनाथ धाम में 12 लाख से अधिक और बदरीनाथ धाम में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

