SIR
देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेशभर में 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे और भरे हुए फार्म एकत्र करेंगे। इस दौरान यदि कोई मतदाता पहली बार घर पर नहीं मिलता है, तो BLO तीन बार तक उसके घर जाकर संपर्क करने का प्रयास करेंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेसवार्ता में बताया कि आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में BLO का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है और गणना फार्मों की शत-प्रतिशत छपाई भी पूरी हो चुकी है। राज्य में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के करीब 79 लाख 60 हजार मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। मतदाता इन फार्मों को भरकर BLO को जमा कर सकते हैं। साथ ही ECI-NET ऐप के माध्यम से फार्म डाउनलोड, भरकर ऑनलाइन अपलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पूरे अभियान के दौरान प्राप्त आंकड़ों को डिजिटल रूप से अपलोड किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। आयोग द्वारा 11 सितंबर तक सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग ने “बुक ए कॉल विद BLO” सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत मतदाता ECI-NET ऐप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अपने BLO से संपर्क के लिए कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर संबंधित BLO मतदाता से संपर्क करेगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दलों के साथ भी बैठक की गई है और सभी दलों से बूथ लेवल एजेंट्स की शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

