नितिन नवीन
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत संगठन को मजबूत करने और मिशन 2027 की तैयारियों को धार देने में जुटे हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने देहरादून में बैठकों का लंबा दौर शुरू किया, जिसमें पार्टी के सांसद, विधायक, मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठकों में सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ चर्चा की गई। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत मंथन किया गया। शाम को महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ भी बैठक प्रस्तावित रही। इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ भी अलग से संवाद कार्यक्रम रखा गया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे का मुख्य फोकस आगामी 2027 विधानसभा चुनाव माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व चुनावी तैयारियों को अभी से मजबूत आधार देने की रणनीति पर काम कर रहा है। गुरुवार को हुई प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रियों की बैठक में भी सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। पार्टी का लक्ष्य लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर जीत की हैट्रिक लगाना है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य जून, जुलाई और अगस्त में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे, स्थानीय समस्याओं का फीडबैक लेंगे और सरकार को समाधान के लिए सुझाव देंगे। इससे संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की कोशिश की जाएगी।
नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।

