नैनीताल
नैनीताल जिले के भवाली-सेनिटोरियम रोड पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें खटीमा निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 2:15 बजे कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, SDRF और SSB की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
हादसे में मृतकों की पहचान 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल और 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल निवासी खटीमा के रूप में हुई है। वहीं कार चालक 34 वर्षीय अनुज कुमार मिश्रा निवासी लखनऊ की भी हादसे में मौत हो गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और SDRF की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मुख्यमंत्री ने भी हादसे पर दुख जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।

