ट्रेन
रामनगर: लंबे इंतजार के बाद रामनगर से देहरादून के बीच ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संचालन के दिन तय कर दिए हैं…हालांकि ट्रेन किस तारीख से शुरू होगी इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस के रूप में संचालित की जाएगी। यह ट्रेन शुक्रवार और रविवार को चलेगी।
ट्रेन संख्या 15310 सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से शाम 3:55 बजे चलेगी और रात करीब 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इनमें स्लीपर, सेकेंड एसी, थर्ड एसी, चेयर कार, जनरल और सेकेंड सिटिंग कोच शामिल रहेंगे।
बताया जा रहा है कि पौड़ी सांसद अनिल बलूनी की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस ट्रेन सेवा को मंजूरी दी थी।
रेलवे अधिकारी रामकुमार बर्नवाल ने बताया कि रेलवे बोर्ड से पत्र मिल चुका है। अब गोरखपुर रेलवे से अंतिम अनुमति मिलने के बाद ट्रेन संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

