रुद्रप्रयाग : चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। केदारनाथ धाम के घोड़ापड़ाव क्षेत्र में सक्रिय जेबकतरा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक Niharika Tomar के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर लगातार सघन चेकिंग और गश्त की जा रही है। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन कुमार और सन्नी कुमार, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से यात्रियों के चोरी किए गए पर्स, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, हैंडबैग और ₹5,450 नकद बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों और दर्शन की कतारों में यात्रियों को निशाना बनाता था। एक आरोपी खुद को घायल दिखाकर लोगों का ध्यान भटकाता था, जबकि अन्य साथी चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं जिला प्रशासन भी यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा लगातार केदारनाथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दे रहे हैं।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

