कोटद्वार (गढ़वाल)। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में कोटद्वार में दूसरे पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और सांसद अनिल बलूनी ने संयुक्त रूप से इस कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान नए पासपोर्ट भी लाभार्थियों को वितरित किए गए…जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस नए पासपोर्ट कार्यालय के खुलने से कोटद्वार, यमकेश्वर, लैंसडाउन, दुगड्डा, चौबट्टाखाल, नैनीडांडा और थलीसैंण सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें पासपोर्ट से जुड़े कार्यों के लिए दूर-दराज़ नहीं जाना पड़ेगा..जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
सांसद अनिल बलूनी ने इसे गढ़वाल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि वर्ष 2026 क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उनका लक्ष्य “विकसित गढ़वाल, विकसित उत्तराखंड” है।
उन्होंने कहा कि यह पासपोर्ट कार्यालय ‘ईज ऑफ लिविंग’ की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो आम जनता, छात्रों और युवाओं के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। बलूनी ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्रालय और राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने सांसद बलूनी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों के कारण ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि सरकारी सेवाएं आम लोगों तक आसानी से पहुंचें।
इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

