देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून में आयोजित छात्रसंघ समारोह में प्रतिभाग करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं और उनकी ऊर्जा व नवाचार देश की दिशा तय करते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में छात्र राजनीति को नेतृत्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी का मजबूत माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि संगठनों से जुड़कर युवाओं में राष्ट्र सेवा और चरित्र निर्माण की भावना विकसित होती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं—मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया—का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही नए कॉलेज, छात्रावास और आईटी लैब जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने डीएवी कॉलेज में अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक में दो अतिरिक्त तल निर्माण की घोषणा भी की।
