एक्सप्रेसवे
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस दौरान प्रधानमंत्री देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करेंगे, जिसे राज्य के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिन उत्तराखंड के विकास इतिहास में एक अहम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि राज्य की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को भी नई दिशा देगा।
सांसद रावत के अनुसार, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, साथ ही ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना उत्तराखंड में निवेश और पर्यटन के नए अवसर पैदा करेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और विकास की रफ्तार तेज होगी।
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह एक्सप्रेसवे उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना आने वाले समय में उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
