देहरादून: देहरादून में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तराखंड एसटीएफ ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है…जो कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क में सक्रिय था। आरोपी पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत कश्यप के रूप में हुई है….जो लंबे समय से देहरादून में रह रहा था। वह यहां एक कार वर्कशॉप में काम करता था और सामान्य जीवन जीते हुए अपनी गतिविधियों को छिपाए हुए था।
जांच में सामने आया है कि विक्रांत कश्यप का संपर्क पाकिस्तानी ISI एजेंट शहजाद भट्टी से था। बताया जा रहा है कि वह उसके निर्देशों पर काम कर रहा था और भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल था।
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी पर आरोप है कि वह “तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान” नामक संगठन का प्रचार-प्रसार कर रहा था और युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश में जुटा था। एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क देश के अंदर अस्थिरता फैलाने की साजिश का हिस्सा हो सकता है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए आरोपी के डिजिटल और संपर्क नेटवर्क की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और क्या कोई बड़ा मॉड्यूल सक्रिय है।

एसटीएफ की इस कार्रवाई को राज्य की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध को बख्शा नहीं जाएगा।
