देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रचने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के 243 पदक विजेता खिलाड़ियों को जल्द ही सरकारी नौकरी दी जाएगी।
खेल विभाग के विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा के अनुसार खिलाड़ियों की नियुक्ति के लिए कार्मिक विभाग से मंजूरी मिल चुकी है। अब प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया है, जहां से स्वीकृति मिलते ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
उत्तराखंड ने 28 जनवरी से 24 फरवरी तक आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। राज्य ने कुल 103 पदक जीतकर नया इतिहास बनाया। खासतौर पर मुक्केबाजी, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
राज्य की धाविका अंकिता ध्यानी ने 5000 मीटर दौड़ और 3000 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। मुक्केबाजी में निवेदिता कार्की, कपिल पोखरिया और नरेंद्र ने स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि ताइक्वांडो में पूजा ने भी स्वर्ण जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
हालांकि, राज्य सरकार की खेल नीति में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को सीधे सरकारी नौकरी देने का प्रावधान है, लेकिन अब तक खिलाड़ियों को नियुक्ति नहीं मिल पाई थी।
इस मामले को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र लिखकर खिलाड़ियों को जल्द नौकरी देने की मांग की थी। उन्होंने सुझाव दिया कि खिलाड़ियों के लिए खेल विभाग में पद सृजित किए जाएं।
खेल विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में 243 पद सृजित करने की बात कही गई है। इसमें खेल विभाग के साथ-साथ पुलिस, वन और अन्य विभागों में भी खिलाड़ियों के लिए पद बनाने का सुझाव दिया गया है।

अब वित्त विभाग की मंजूरी मिलते ही पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
