देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के जौहरी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दो कार सवार युवकों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक ने फायरिंग कर दी। गोली कार को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन वह पास से गुजर रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को लग गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक जताया। उन्होंने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
