हल्द्वानी: उत्तराखंड में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) को लेकर सरकार का नया आदेश लागू होने लगा है। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां उपभोक्ताओं के लिए पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया गया है। इस फैसले के बाद कई शहरों में लोगों को नोटिस और मैसेज मिलने शुरू हो गए हैं, जिससे आम जनता में असमंजस की स्थिति बन गई है।
हल्द्वानी शहर के जज फार्म, हीरानगर और मुखानी क्षेत्रों में अब तक करीब 600 घरों को पीएनजी कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है, जबकि लगभग 800 और कनेक्शन दिए जाने बाकी हैं। हालांकि जमीनी स्थिति यह है कि कई उपभोक्ताओं को कनेक्शन मिलने के बावजूद गैस की नियमित सप्लाई नहीं हो पा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें पीएनजी इस्तेमाल करने के निर्देश तो दिए जा रहे हैं, लेकिन पाइपलाइन में गैस नहीं आने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों को एलपीजी कनेक्शन बंद करने की चेतावनी भी मिल चुकी है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।
नगर निगम के अनुसार, शहर में करीब 161 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है, जिसमें 90 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जहां-जहां कनेक्शन दिए गए हैं, वहां जल्द से जल्द गैस सप्लाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल इस नए नियम और अधूरी व्यवस्था के चलते लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही हालात सामान्य होंगे और सभी उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
