रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। पहले चरण के तहत 25 अप्रैल से शहरी क्षेत्रों में हाउस लिस्टिंग और ब्लॉक निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया है।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल के अनुसार, सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है। पूरे शहर को छोटे-छोटे ब्लॉक्स में बांटा जाएगा, जिनमें हर ब्लॉक में करीब 150 से 180 घर शामिल होंगे।
हर ब्लॉक के लिए एक गणनाकार नियुक्त किया जाएगा, जो घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेगा। ये गणनाकार मुख्य रूप से शिक्षक और अन्य सरकारी कर्मचारी होंगे।
इस बार जनगणना के लिए HLO (House Listing Operation) ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पेपरलेस होगी और डेटा सीधे ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा।

जनगणना के दौरान घरों की स्थिति, शौचालय, पानी, बिजली और गैस जैसी सुविधाओं से जुड़े करीब 45 सवाल पूछे जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि यह प्रक्रिया भविष्य की योजनाओं को बेहतर बनाने में मदद करेगी।
