हरिद्वार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के थाना छपार क्षेत्र के बढ़ीवाला निवासी मीरजहां (45) अपने पति तमरेज के साथ रुड़की से घर लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक मंगलौर जैन स्तंभ के पास पहुंची, पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पति तमरेज इस हादसे में सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।

