उत्तराखंड के टिहरी जनपद से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। भिलंगना ब्लॉक के मान्दरा बासर गांव निवासी हर्षित जोशी ने अपनी मेहनत और लगन से प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है।
हर्षित ने केवल सात महीने की तैयारी में यह उपलब्धि हासिल की और उत्तराखंड के लिए निर्धारित एकमात्र सीट पर अपना स्थान बनाया। राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में कुल 36 सीटें होती हैं, जिनमें से राज्य को केवल एक सीट मिलती है, जिससे प्रतिस्पर्धा काफी कठिन हो जाती है।
हर्षित ने अपनी तैयारी सैनिक ग्लोबल अकादमी से की, जहां उन्होंने अनुशासित दिनचर्या और केंद्रित अध्ययन के साथ परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने बताया कि देहरादून में हुआ उनका इंटरव्यू भी सफल रहा। अंतिम चरण में छह अभ्यर्थियों का इंटरव्यू हुआ, जिनमें से हर्षित का चयन किया गया।
इससे पहले हर्षित का चयन सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में भी हो चुका था, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य को और ऊंचा रखते हुए RIMC के लिए तैयारी जारी रखी और अंततः सफलता प्राप्त की।
हर्षित के पिता सूरत राम जोशी वर्तमान में जापान में एक होटल में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां पिंकी जोशी ऋषिकेश में रहकर बेटे की पढ़ाई में लगातार सहयोग करती रहीं। हर्षित की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

