गोपेश्वर: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। Bear Attack यह घटना थराली तहसील के बूंगा गांव की है…जहां बुधवार सुबह करीब 10 बजे यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय गोविंदी देवी, जो इन दिनों अपने मायके आई हुई थी घर के पास खेतों में चारा पत्ती लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया। Wildlife Incident हमले में महिला के सिर, गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे एम्स रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में वन्यजीवों के बढ़ते खतरे को लेकर चिंता जताई है।
वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही फौरी राहत के तौर पर पीड़ित परिवार को 30 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी बदरीनाथ सर्वेश दूबे ने बताया कि महिला का इलाज जारी है और क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है…ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

