Dehradun: राजधानी में LPG सिलिंडरों की कमी के बीच अब घरों और व्यवसायों को PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। सरकार और गेल गैस कंपनी जल्द ही हजारों घरों में गैस कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य बना रही हैं।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि PNG कनेक्शन जल्दी से जल्दी बढ़ाए जाएं। इसके तहत, राजधानी के करीब 2100 घरों और 25 वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में फिलहाल PNG की आपूर्ति हो रही है।
शहर में 250 किलोमीटर से अधिक पाइपलाइन पहले से ही तैयार है और करीब 100 किलोमीटर में जल्द ही गैस चालू होने की उम्मीद है। लगभग 35 हजार घरों में पाइपलाइन और मीटर लग चुके हैं, लेकिन उन्हें मुख्य लाइन से अभी जोड़ा नहीं गया है। कंपनी इन घरों को सबसे पहले गैस देने की योजना बना रही है।
अनुमति और मौसम बनी बाधा
पाइपलाइन बिछाने का काम तीन साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन मौसम और कुछ प्रशासनिक अनुमति की वजह से काम धीरे-धीरे ही आगे बढ़ पाया।
बड़े व्यवसाय भी PNG की ओर
LPG संकट के कारण अब होटल और बड़े रेस्टोरेंट भी PNG कनेक्शन लेने में रुचि दिखा रहे हैं। पिछले हफ्ते करीब 30 बड़े होटल और रेस्टोरेंट के साथ करार किए गए हैं। इसके अलावा हलवाई एसोसिएशन ने भी PNG कनेक्शन की मांग की है।

