देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने चैत्र नवरात्र की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और इस पर्व को आस्था के साथ-साथ संस्कार और शक्ति उपासना का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में 1100 कन्याओं का पूजन किया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने अत्यंत पुण्य और सौभाग्यपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नारी सम्मान को बढ़ावा देने के साथ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे संदेश को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी स्वरूप माना जाता है और बेटियां अपने संस्कार, स्नेह और त्याग से समाज को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां हमारी परंपराओं और मूल्यों की सच्ची वाहक हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही हैं। छात्रवृत्ति योजनाओं के साथ कक्षा 9 में प्रवेश पर साइकिल वितरण, 12वीं पास करने पर प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी योजनाएं लागू की गई हैं।
इसके अलावा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह के लिए 61 हजार रुपये और व्यक्तिगत विवाह के लिए 55 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। वहीं, अनुसूचित जाति, जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विवाह के लिए 50 हजार रुपये तक की मदद दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति को अपना संकल्प बनाएं, ताकि कन्या पूजन की भावना समाज में वास्तविक रूप से सार्थक हो सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारे में भी मत्था टेका। कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, विनय रोहिला, सिद्धार्थ अग्रवाल, विनोद पंवार, विनय गोयल समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
