दून अस्पताल
देहरादून के दून अस्पताल में रविवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब ओपीडी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे ओपीडी की पहली मंजिल पर महिला एवं प्रसूति रोग विभाग में मरीजों का पंजीकरण चल रहा था। इसी दौरान काउंटर के अंदर मौजूद कर्मचारियों को सीलिंग के अंदर कुछ असामान्य हलचल का अंदेशा हुआ। जब उन्होंने सीलिंग के एक हिस्से से अंदर झांककर देखा तो वहां से आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
आग की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने तुरंत सुरक्षाकर्मियों और फायर फाइटर्स को सूचना दी। साथ ही अस्पताल प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी गई। स्थिति को देखते हुए एहतियातन बिजली का कनेक्शन तुरंत काट दिया गया और मौके पर पहुंची फायर टीम ने करीब 15 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय ओपीडी में बड़ी संख्या में मरीज मौजूद थे। पंजीकरण के लिए लाइन में खड़े मरीजों को तुरंत नीचे भेज दिया गया और उस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी गई। बताया जा रहा है कि उस समय अस्पताल परिसर में एक हजार से अधिक मरीज मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जिस जगह आग लगी थी वहां सीलिंग के अंदर एसी के कंडेनसेशन से पानी का रिसाव हो रहा था। इसी कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क गई। हालांकि आग सीमित दायरे में ही रही और किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
गौरतलब है कि दून अस्पताल में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार अस्पताल परिसर में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में रेडियोलॉजी विभाग में आग लगने से कई मशीनें जल गई थीं, जबकि पुरानी बिल्डिंग के पास स्थित कैंटीन में भी आग लगने की घटना हो चुकी है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जाएगी।
