मौसम
उत्तराखंड में तेजी से बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार सुबह प्रदेश के पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक आसमान में बादल छा गए, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में हल्की बारिश और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में ठंडक महसूस होगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे हाल के दिनों में बढ़ती गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
शनिवार को देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। वहीं पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और संभावित बारिश को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम का यह बदला मिजाज प्रदेश के कई हिस्सों में असर दिखा सकता है।
