तापमान
उत्तराखंड में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक ओर मैदानी इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है और तापमान नए रिकॉर्ड बना रहा है, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। इस मौसम के उतार-चढ़ाव ने लोगों को हैरान कर दिया है।
राजधानी देहरादून में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब आठ डिग्री अधिक बढ़कर 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक बढ़कर 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही इस तरह की गर्मी ने लोगों को मई-जून जैसी तपिश का अहसास कराना शुरू कर दिया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक बढ़कर 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक बढ़कर 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के अधिकांश इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 13 मार्च को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने का अनुमान है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 मार्च तक राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

वहीं दूसरी ओर बदरीनाथ धाम की चोटियों पर एक बार फिर बर्फबारी देखने को मिली है। बृहस्पतिवार को सुबह से मौसम बदला रहा और ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फ गिरी। इससे बदरीनाथ धाम की पहाड़ियां सफेद चादर से ढक गईं। हालांकि निचले इलाकों में बारिश नहीं हुई, लेकिन बर्फबारी से धाम का मौसम बेहद खुशनुमा हो गया है और ठंड भी बढ़ गई है।
