मांडूवाला
मांडूवाला
देहरादून: राजधानी देहरादून में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला इलाके में जंगल से एक युवती का शव कट्टे में बंद मिला है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मांडूवाला में सड़क किनारे जंगल के पास एक कट्टे से तेज दुर्गंध आ रही थी। स्थानीय लोगों को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब कट्टे को खोला गया तो उसके अंदर एक युवती का शव मिला। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
पुलिस के अनुसार शव करीब 30 से 35 साल की महिला का बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब छह से सात दिन पुराना है। शव को कट्टे में डालने से पहले उसके घुटने मोड़कर बंद किया गया था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को जंगल में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस फिलहाल मृतका की पहचान करने में जुटी हुई है। इसके लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि मृतका की पहचान हो सके और मामले की सच्चाई सामने आ सके।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। फिलहाल इस घटना ने देहरादून में कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
