देहरादून : हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के देहरादून स्थित आवास पर हर वर्ष की तरह इस बार भी मौल्यार ग्रुप द्वारा पारंपरिक ‘मौल्यार ऐगे होली’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद रावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और गणमान्यजनों के साथ होली के रंगों का आनंद लिया।
लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस आयोजन में आत्मीय मिलन और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की भागीदारी ने पूरे परिसर को रंगों से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर सांसद रावत ने मौल्यार ग्रुप की सराहना करते हुए कहा कि संस्था प्रदेश की लोकसंस्कृति और परंपराओं को संजोने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं…बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है।

सांसद ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।
