हल्द्वानी : पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हल्द्वानी में चल रही ‘थाल सेवा’ में पहुंचे और थाल सेवक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। यह सेवा लिटिल मिरेकल फाउंडेशन द्वारा संचालित की जा रही है…जो 2018 से जरूरतमंदों को मात्र 5 रुपये में भोजन उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं जरूरतमंदों को भोजन परोसा और भोजन की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने टीम को बर्तन सहित अन्य सामग्री भेंट कर सराहना की। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष उमंग वासुदेवा और अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत कर स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘थाल सेवा’ जैसी पहल जनसहभागिता का प्रेरक उदाहरण है। मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को यह सेवा बड़ी राहत देती है। बिना सरकारी सहायता के प्रतिदिन लगभग 1000 से 1200 लोगों को भोजन कराया जा रहा है और अब तक 30 लाख से अधिक थाल परोसी जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनके परिवार की ओर से भी हर माह एक दिन थाल सेवा की जाती है और आज उसी क्रम में वे स्वयं थाल सेवक के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में टीम थाल सेवा ने बाजपुर निवासी विशाल को कृत्रिम टांग उपलब्ध कराई। इस अवसर पर कृत्रिम अंग विशेषज्ञ कविता भट्ट, डॉ. गौरव सिंघल और अन्य समाजसेवी भी उपस्थित रहे।
‘थाल सेवा’ की शुरुआत 19 अक्टूबर 2018 को विजयदशमी के दिन सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास की गई थी। उद्देश्य था पहाड़ों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सस्ता और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना। यह सेवा सोशल मीडिया के माध्यम से क्राउड फंडिंग से संचालित हो रही है और बिना किसी अवकाश के लगातार जारी है।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि समाज के लोग जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसरों पर ‘थाल सेवक’ बनकर सहयोग करते हैं। संस्था वस्त्र सेवा और उपचार सेवा जैसे अन्य सामाजिक कार्य भी संचालित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी जनसेवा की पहलें हर शहर में होनी चाहिए…ताकि जरूरतमंदों को सम्मान के साथ सहायता मिल सके।

