देवप्रयाग (नई टिहरी)। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी प्रशांत बहुगुणा के अनुसार, ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही बाइक पाली पुलिया के निकट सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक के नीचे आ गई और सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान सचिन शर्मा (40 वर्ष) पुत्र श्रीपाल शर्मा निवासी गली नंबर-6, नवीन नगर, सदर बाजार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह श्रीनगर की ओर जा रहे थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीनगर भेज दिया। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
