देहरादून। उत्तराखंड को केंद्र सरकार की स्पेशल असिस्टेंस स्कीम फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट (SASCI) के पार्ट-IX के तहत 350 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत हुई है। यह राशि ‘फाइनेंशियल मैनेजमेंट में कुशलता के लिए राज्यों को इंसेंटिव’ शीर्षक के अंतर्गत दी गई है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्वीकृति राज्य में सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शिता और राजकोषीय अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि टैक्स कलेक्शन बढ़ाने, व्यय नियंत्रण, डिजिटल भुगतान प्रणाली को मजबूत करने और बजट प्रबंधन में सुधार जैसे कदमों से राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इससे पहले खनन क्षेत्र में पारदर्शी नीतियां, ई-टेंडरिंग और ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने तथा परिवहन विभाग में सुधारों के लिए भी राज्य को केंद्र से प्रोत्साहन राशि मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र का यह सहयोग विकास परियोजनाओं को नई गति देगा।

इसी क्रम में केंद्र सरकार ने हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। साथ ही पूंजीगत निवेश योजना 2025-26 के तहत 105.11 करोड़ रुपये और सुधारों के लिए अतिरिक्त 20 करोड़ रुपये भी मंजूर किए गए हैं।
