नैनीताल : नैनीताल में कोटद्वार से घूमने आए एक युवक की होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी महिला मित्र के साथ नैनीताल आया था और दोनों एक होटल में ठहरे हुए थे। देर रात अचानक युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद होटल कर्मचारियों की मदद से उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवक और युवती के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार दोनों उन्हें बताकर नैनीताल घूमने आए थे।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डॉक्टरों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
