देहरादून: दोस्तों के साथ पार्टी करने गए दिगंबर धीमान की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि ढाई लाख रुपये के लेनदेन को लेकर तीन दोस्तों ने दिगंबर की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी हेमंत कुमार, आदिल और वैभव भट्ट उर्फ सज्जू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और हथौड़ा भी बरामद किया गया है। आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए एक टैक्सी चालक को 15 हजार रुपये का लालच दिया था। तीनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।

बताया गया कि शास्त्रीनगर खाला सीमाद्वार निवासी संतराम ने 11 फरवरी को अपने 28 वर्षीय बेटे दिगंबर की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में पुलिस ने हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र के जंगल से उसका शव बरामद किया। मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
