पिथौराग़ढ़ : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब बड़ी बसों की जगह यात्री टेंपो ट्रैवलर मिनी एसी बस से राजधानी दिल्ली का सफर कर सकेंगे। पिथौरागढ़ डिपो ने इस नई सेवा की शुरुआत की है…जिससे सफर अब करीब 12 घंटे में पूरा होगा और किराया भी टैक्सी के मुकाबले सस्ता रहेगा।
परिवहन निगम के अनुसार टेंपो ट्रैवलर मिनी बस में 17 यात्री सफर कर सकेंगे। पहले बड़ी बसों से यह यात्रा 15 से 17 घंटे में पूरी होती थी, लेकिन अब यह दूरी लगभग 12 घंटे में तय होगी। यह मिनी बस सुबह 6 बजे पिथौरागढ़ से रवाना होकर शाम 6 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस सेवा का किराया 1355 रुपये रखा गया है…जो टैक्सी के किराये से काफी कम है। हालांकि यह रोडवेज की सामान्य बस के किराये (905 रुपये) से अधिक है…लेकिन कम समय और एसी सुविधा के कारण इसे सुविधाजनक विकल्प माना जा रहा है।
यात्रियों को सीट बुक करने के लिए परिवहन निगम की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। शुरुआत में एक मिनी बस का संचालन किया गया है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर डिपो को मिली अन्य तीन मिनी बसें भी जल्द चलाई जाएंगी। कम यात्री क्षमता के कारण बस समय पर रवाना होगी और समय पर पहुंचेगी।
पिथौरागढ़ डिपो के एआरएम रविशेखर कापड़ी ने बताया कि यह सेवा लंबी दूरी की यात्रा को आसान और बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। फिलहाल इसे ट्रायल के तौर पर पिथौरागढ़–दिल्ली मार्ग पर चलाया गया है। परिणाम अच्छे रहने पर भविष्य में अन्य मार्गों पर भी टेंपो ट्रैवलर सेवा शुरू की जाएगी।

इस नई व्यवस्था से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समय पर यात्रा की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
