कोटद्वार: कोटद्वार से सनसनीखेज खबर। पौड़ी गढ़वाल जिले में पुलिस ने एक सौतेले पिता को नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामला तब सामने आया जब बच्ची की मां ने 6 फरवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पता चला कि बच्ची अपनी नानी के पास गई थी। नानी ने बताया कि वह डरी हुई थी और घर लौटने से मना कर रही थी। बाद में पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद किया। भरोसे में लेकर की गई बातचीत में बच्ची ने सौतेले पिता पर गंभीर आरोप लगाए।

बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
