नई दिल्ली: हरिद्वार के सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने रिलेशनशिप काउन्सलिंग पर आधारित पुस्तक “प्री-वेडिंग काउन्सलिंग: जागरूकता ही समाधान” रक्षा मंत्री को भेंट की।

त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि यह पुस्तक आज के तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में वैवाहिक जीवन से जुड़ी चुनौतियों को समझने और उनसे निपटने के लिए एक जागरूक प्रयास है। उन्होंने कहा कि पुस्तक का उद्देश्य दांपत्य जीवन में आपसी संवाद को मजबूत करना, भावनात्मक संतुलन बनाए रखना और रिश्तों को समझदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान करना है।

उन्होंने यह भी बताया कि देवभूमि विकास संस्थान द्वारा प्री-वेडिंग काउन्सलिंग विषय पर निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। त्रिवेन्द्र सिंह रावत संस्थान के संरक्षक के रूप में इन गतिविधियों को मार्गदर्शन प्रदान करते रहे हैं। संस्थान लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय है, जिनमें वृक्षारोपण, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, नेत्रदान एवं देहदान जागरूकता, नदियों के पुनर्जीवन के प्रयास, स्वच्छता अभियान सहित अन्य जनहितकारी गतिविधियाँ शामिल हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देवभूमि विकास संस्थान द्वारा किए जा रहे सामाजिक प्रयासों की सराहना की और संस्थान को भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ समाजहित में कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
