देहरादून स्थित केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा में 38वें बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा होने के बाद आज दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। वन अनुसंधान संस्थान यानी एफआरआई के सभागार में आयोजित समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 28 अधिकारियों को राज्य वन सेवा के रूप में नई जिम्मेदारी के लिए तैयार किया गया।
यह 2024-2026 बैच है, जिसमें देश के चार राज्यों से अधिकारी शामिल हैं। बैच में छत्तीसगढ़ के चार, कर्नाटक के 17, मध्यप्रदेश के छह और उत्तर प्रदेश का एक अधिकारी शामिल है। खास बात यह है कि इस बैच में 12 महिला अधिकारी भी शामिल हैं।
दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण, नई दिल्ली के अध्यक्ष और भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी वीरेंद्र आर. तिवारी मौजूद रहे। समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए और वन सेवा में उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को वन प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण और वन प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। अब प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये अधिकारी अपने-अपने राज्यों में वन संरक्षण और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे। एफआरआई में आयोजित यह दीक्षांत समारोह नए वन अधिकारियों के लिए उनके पेशेवर जीवन की महत्वपूर्ण शुरुआत रहा।

