कैंची से हमला, दुकान में तोड़फोड़
पौड़ी जिले में एक मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। कार का शीशा टकराने से शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक युवक पर कैंची से हमला कर दिया गया और बाद में दुकान में तोड़फोड़ भी हुई।
घटना जिला मुख्यालय के पुराने जेल गदेरे के पास की है, जहां एक दुकान के बाहर खड़ी कार का शीशा नाई के हाथ से टकरा गया। इसी बात को लेकर नाई और कार चालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर नाई ने कैंची से चालक पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा हुआ। मामला बढ़ने पर कुछ लोग एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान एक पुलिसकर्मी ने भी एक युवक के साथ मारपीट की। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी और झगड़े में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विवाद यहीं नहीं रुका। कुछ लोगों ने गुस्से में आकर संबंधित दुकान में तोड़फोड़ कर दी और सामान सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद कुछ महिलाओं ने भी मौके पर पहुंचकर दुकान में नुकसान पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—अब्दुल राऊफ, मुज्जमिल, मोहम्मद जायद और मोहम्मद आकिफ—को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ सदर तुषार बोरा ने बताया कि मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ और कथित रूप से पुलिसकर्मी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
