देहरादून : देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है, जबकि सुबह और शाम के समय ठिठुरन बरकरार है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। वहीं, मैदानी इलाकों में कोहरे की दस्तक भी शुरू हो गई है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। विशेषकर पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है, लेकिन फिलहाल तापमान में वृद्धि के आसार बने हुए हैं।
धूप खिलने से ठंड से राहत
शुक्रवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। तड़के कुछ इलाकों में हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिला, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया और ठंड से राहत मिली।

मैदानी इलाकों में कोहरे का असर
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कुछ इलाकों में घने कोहरे का प्रकोप देखने को मिला। वहीं, पहाड़ से लेकर मैदान तक शाम के समय तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई, जिससे सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया।
अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और ऊंची चोटियों पर हिमपात की संभावना जताई गई है।
तापमान में बढ़ोतरी के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
देहरादून – 24.0 8.7
ऊधम सिंह नगर – 24.2 5.1
मुक्तेश्वर- 17.1 6.2
नई टिहरी- 16.2 5.0
