देहरादून: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना ज्यादा है। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा।
आने वाले दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 19 फरवरी को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। वहीं 20 से 22 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।