दिल्ली : देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस होने लगी है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 17 से 19 फरवरी तक देश के 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
बारिश की संभावना वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु शामिल हैं। इसके अलावा ओडिशा में 18 फरवरी तक कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। 17 और 18 फरवरी को मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा समेत कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में 17 और 18 फरवरी को कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में वर्षा हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहने के आसार हैं, जबकि 18 और 19 फरवरी को भी कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली में 17 फरवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने से दिन में गर्मी का अहसास हो सकता है। हालांकि अगले 24 घंटे में मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में 17 और 18 फरवरी को बारिश के आसार हैं। वहीं 18 और 19 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर और राजस्थान
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में 17 फरवरी को बारिश की संभावना है। राजस्थान में दोपहर बाद मौसम बदलने के साथ हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मध्य प्रदेश और बिहार का मौसम
मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जबकि 17 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा। बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मिथिलांचल और सीमांचल के कुछ क्षेत्रों में मध्यम कोहरा और ठंड का असर बना रह सकता है।
