Weather alert: Rain and snowfall likely in Uttarakhand’s hilly districts, cold increases difficulties
देहरादून(samvaad365): उत्तराखंड में लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है। जहां पहाड़ों पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में सूखी ठंड ने लोगों की परेशानियों में इजाफा कर दिया है। पर्वतीय अंचलों में पाला पड़ने से किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। यदि मौसम विभाग की भविष्यवाणी सच साबित होती है, तो लोगों को सूखी ठंड और पाले से राहत मिल सकती है।
कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान लगभग 26°C रहने की संभावना है।
कड़ाके की ठंड से बढ़ी परेशानियां
प्रदेश के पहाड़ी जिलों में ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। लंबे समय से शुष्क मौसम और तापमान में गिरावट के कारण लोगों को हाड़कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेकर सर्दी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर वाहन लाइट जलाकर चलाए जा रहे हैं।

पहाड़ों में दिन में गुनगुनी धूप
पर्वतीय अंचलों में दिन के समय धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है और वे गुनगुनी धूप का आनंद ले रहे हैं।
सर्द मौसम के कारण लोग खांसी, जुकाम और बुखार जैसी समस्याओं के शिकार हो रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि सर्दी में गले में दर्द, इन्फेक्शन, नाक बहना, निमोनिया या अन्य संक्रमण के रोगियों को तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। समय पर बचाव और सावधानी ही इन बीमारियों से सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
